सिर्फ 1000 रुपये के लिए दोस्त ने दोस्त को उतारा मौत के घाट! जंगल में ले जाकर सिर पर किए वार, शव गड्ढे में फेंका; थाने से हंसते निकला आरोपी

 

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महज 1000 रुपये के विवाद ने दो दोस्तों के रिश्ते को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया। पुलिस के मुताबिक, सेकंड हैंड मोबाइल के बकाया 1 हजार रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त को कार में बैठाकर जंगल ले गया और वहां लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में गहरे गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल नदी में फेंक दिया। आरोपी ने घटना के समय पहने अपने खून से सने कपड़े भी नदी में फेंक दिए और कार पर पड़े खून के निशानों को पानी से साफ करने का प्रयास किया।

जंगल में मिला था अज्ञात युवक का शव

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा किया।

मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहन रखा था। उसके सिर के पीछे चोट के निशान और खून दिखाई दे रहा था। शुरुआती तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया मृतक का नाम

पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी 29 वर्षीय राजेश दास के रूप में हुई। राजेश खेती-किसानी का काम करता था।

जांच के दौरान पुलिस को उसके दोस्त कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर संदेह हुआ। वह ग्राम झगरपुर का रहने वाला बताया गया है और खेती का काम करता है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या में शामिल होना स्वीकार किया।

6 हजार का मोबाइल बना हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कृष्णा उर्फ कैलाश ने राजेश को ओप्पो कंपनी का सेकंड हैंड मोबाइल 6 हजार रुपये में बेचा था। राजेश ने इसमें से 5 हजार रुपये दे दिए थे, जबकि 1 हजार रुपये बकाया रह गए थे। इसी बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को आरोपी कैलाश राजेश को अपनी कार में बैठाकर जुरगुम जंगल की ओर ले गया। वहां उसने कथित तौर पर राजेश से बकाया रकम की मांग की। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

लकड़ी के फाड़े से सिर पर किए दो वार

पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद आरोपी ने राजेश को कार से नीचे उतारा। इसके बाद जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार किया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद राजेश जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।

आरोप है कि हत्या के बाद कैलाश ने शव को उठाकर जंगल में एक गहरी जगह पर फेंक दिया, ताकि किसी को शव आसानी से दिखाई न दे। इसके बाद उसने कथित तौर पर घटना के सबूत मिटाने की कोशिश की।

मोबाइल और कपड़े नदी में फेंके

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल मैनी नदी में फेंक दिया। वहीं घटना के समय पहने अपने कपड़ों को भी डोड़की नदी में फेंक दिया। कार पर लगे खून के छींटों को भी नदी के पानी से साफ करने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने करीब एक सप्ताह की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस मामले में आरोपी का थाने से कथित तौर पर हंसते हुए बाहर निकलने का वीडियो भी सामने आया है, जिसे लेकर इलाके में चर्चा है। हालांकि, किसी आरोपी के व्यवहार से उसकी मंशा या अपराध की कानूनी जिम्मेदारी तय नहीं होती। हत्या के मामले में पुलिस की जांच और अदालत की आगे की कार्यवाही महत्वपूर्ण होगी।

फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार, मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की तलाश तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

You missed