हादसे के बाद घर लौटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मिलने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, बोले- राजनीति में मतभेद हों, मनभेद नहीं

रायपुर में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सियासी मतभेदों से अलग मानवीय रिश्तों की तस्वीर सामने रखी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज और प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात की। दोनों नेता रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित उनके निवास पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए कुशलक्षेम जाना।

मुलाकात के दौरान दीपक बैज ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। उन्होंने किरण सिंह देव के जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना भी की।

सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे किरण सिंह देव

दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव 29 जुलाई को परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर नेशनल हाईवे-44 पर उनकी इनोवा कार आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसा इतना गंभीर था कि किरण सिंह देव घायल हो गए थे।

हादसे के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां मेदांता अस्पताल में उनका उपचार किया गया और ऑपरेशन भी हुआ। इसके बाद से उनका इलाज दिल्ली में ही चल रहा था।

उपचार पूरा होने के बाद लौटे छत्तीसगढ़

काफी समय तक दिल्ली में इलाज और स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद किरण सिंह देव 23 सितंबर को उपचार पूरा होने पर छत्तीसगढ़ वापस लौटे। उनके रायपुर पहुंचने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के उनसे मुलाकात करने का सिलसिला जारी है।

इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु भी उनके निवास पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान राजनीतिक मुद्दों से अलग स्वास्थ्य और कुशलक्षेम को लेकर बातचीत हुई।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब छत्तीसगढ़ की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार राजनीतिक बयानबाजी होती रहती है। ऐसे में दीपक बैज का किरण सिंह देव से मिलने पहुंचना और राजनीति में मतभेद के साथ मनभेद नहीं होने की बात कहना चर्चा में है।