सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, एमसीबी और जशपुर में सड़क नेटवर्क होगा मजबूत; नई सड़क, चौड़ीकरण, डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण के साथ कई जगह फोरलेन का भी होगा निर्माण
रायपुर, 15 सितंबर 2026। सरगुजा संभाग में आने वाले दिनों में सड़कों की तस्वीर बड़े स्तर पर बदलने वाली है। छत्तीसगढ़ सरकार ने संभाग के सभी 6 जिलों में 44 मुख्य सड़क परियोजनाओं के लिए कुल 1,093.73 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गांवों से शहरों तक कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी गति मिलने की उम्मीद है।
इन कार्यों के तहत नई सड़कों के निर्माण के साथ सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण, फोरलेन निर्माण और जरूरत वाले स्थानों पर पुल-पुलिया का निर्माण किया जाएगा।
सरगुजा में फोरलेन से लेकर कई सड़क-पुलिया कार्य
सरगुजा जिले में सबसे बड़े कार्यों में अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र के लरंगसाय चौक से रामानुजगंज मार्ग के 5 किलोमीटर फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 69.10 करोड़ रुपये की मंजूरी शामिल है।
इसी तरह गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किलोमीटर फोरलेन के लिए 61.34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
लुण्ड्रा और सीतापुर क्षेत्रों में भी विभिन्न सड़कों और पुलियों के सुदृढ़ीकरण के काम होंगे। सोनतराई-मैनपाट मार्ग के लिए 26.33 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सूरजपुर में 63 किमी सड़क समेत रिंग रोड भी होगा मजबूत
सूरजपुर जिले में भटगांव विधानसभा क्षेत्र के तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर 63 किलोमीटर मार्ग के लिए 64.93 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा कल्याणपुर-लटोरी मार्ग के लिए 40.93 करोड़ रुपये और विशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के लिए 32.24 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
सूरजपुर के 17 किलोमीटर रिंग रोड के मजबूतीकरण के लिए भी 16.39 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
बलरामपुर में सीमावर्ती इलाकों तक आसान होगी पहुंच
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी मिली है।
परसवार से चलगली 18 किलोमीटर उन्नयन मार्ग के लिए 38.80 करोड़ रुपये, वाड्रफनगर-जनकपुर-बलंगी मार्ग के लिए 35.32 करोड़ रुपये और कामेश्वरनगर-लुरगी मार्ग के लिए 25.69 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन सड़कों के बेहतर होने से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों तक आवागमन को और आसान बनाने में मदद मिलेगी।
जशपुर में भी सड़क नेटवर्क को मिलेगा बड़ा बूस्ट
जशपुर जिले में लुड़ेग-बागबहार-तपकरा-लवाकेरा 55.80 किलोमीटर राज्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 40.32 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके साथ ही पत्थलगांव के पहाड़ी हिस्सों के उन्नयन के लिए 36.85 करोड़ रुपये और बतौली-बगीचा-चरईडांड मार्ग के लिए 34.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सिर्फ सड़क नहीं… बदलेंगे रोजगार और कारोबार के रास्ते
सरकार की इन परियोजनाओं का असर सिर्फ सफर आसान होने तक सीमित नहीं रहने वाला है। बेहतर सड़क नेटवर्क से कृषि और व्यापार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
किसानों के कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय कारोबार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।
बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा फायदा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा। दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए स्कूल-कॉलेज और मरीजों के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच आसान होगी।
गांवों तक तेजी से पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की पहुंच
सड़क नेटवर्क मजबूत होने से प्रशासनिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ भी दूरदराज के इलाकों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों और मैदानी अमले की आवाजाही आसान होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्य मार्गों और शहरी केंद्रों से संपर्क बेहतर होगा।
44 परियोजनाएं बन सकती हैं विकास की नई राह
कुल 1,093.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 44 सड़क परियोजनाएं सरगुजा संभाग के लिए बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर बदलाव की शुरुआत मानी जा रही हैं।
अगर ये परियोजनाएं तय समय में पूरी होती हैं तो संभाग के छह जिलों में न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि निवेश, कारोबार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़कें आने वाले समय में सरगुजा संभाग के विकास की नई जीवनरेखा साबित हो सकती हैं।
