Kanwar Samaj: शपथ लेते ही पदाधिकारियों को CM साय ने दिया बड़ा तोहफा, राजधानी में भवन के लिए 70 लाख का ऐलान

Raipur News: कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर समेत कई शहरों में भवन निर्माण के लिए करोड़ों की मदद की घोषणा

रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह राजधानी रायपुर में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। समारोह में सीएम साय ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और समाज के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। सबसे खास घोषणा रायपुर में कंवर समाज के भवन निर्माण के लिए 70 लाख रुपए देने की रही।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

समारोह में प्रदेश अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी, कार्यकारी अध्यक्ष थान सिंह दीवान, महासचिव शिवकुमार कंवर, कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह कंवर समेत अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ली।

मुख्यमंत्री साय ने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके बीच आकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम समाज को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए काम करेगी और समाज के विकास की रफ्तार किसी भी स्थिति में नहीं रुकेगी।

कंवर समाज के भवनों के लिए CM साय ने खोला खजाना

मुख्यमंत्री ने समारोह में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में कंवर समाज के भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके तहत—

  • रायपुर: 70 लाख रुपए
  • राजनांदगांव: 25 लाख रुपए
  • झलफ खल्लारी: 20 लाख रुपए
  • टीमोरा: 10 लाख रुपए
  • खैरझीटी: 10 लाख रुपए
  • नरकोरा, महासमुंद: 10 लाख रुपए
  • गरियाबंद: 10 लाख रुपए

इन घोषणाओं के बाद समाज के विभिन्न क्षेत्रों में भवन निर्माण को गति मिलने की उम्मीद है।

CM साय बोले- पूरे देश में एकजुट हो रहा कंवर समाज

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पूरे देश में कंवर समाज तेजी से एकजुट हो रहा है। उन्होंने इसे पूर्वजों के प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि समाज के विकास को गति देने के लिए सरकार की ओर से विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं। नई टीम से उम्मीद है कि वह इन योजनाओं का लाभ समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और विकास को आगे बढ़ाने का काम करेगी।

नंद कुमार साय बोले- अब समाज की जिम्मेदारी और बढ़ गई

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नंद कुमार साय ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की उन्नति के लिए समाज को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना जरूरी है।

उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इस दिशा में काम किया जाना चाहिए।

नंद कुमार साय ने कहा कि उन्होंने पहले समाज से मुख्यमंत्री बनने की बात कही थी और आज कंवर समाज से विष्णु देव साय प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में समाज की जिम्मेदारी अब पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 42 जनजातियां हैं और सरकार सभी समाजों की उन्नति एवं शिक्षा के लिए काम कर रही है। इसके साथ ही समाज की भी जिम्मेदारी है कि वह विकास की इस प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।