Raipur News: छत्तीसगढ़ में साइबर ठगों ने अब एक पूर्व विधायक को निशाना बनाया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का WhatsApp अकाउंट कथित तौर पर हैक कर लिया गया। इसके बाद हैकर उनके नाम और नंबर का इस्तेमाल कर परिचितों और समर्थकों से पैसों की मांग करने लगा।
हैकर लोगों को मैसेज भेजकर तत्काल 28 हजार रुपये UPI के जरिए भेजने के लिए कह रहा था। इतना ही नहीं, भरोसा जीतने के लिए रकम रात 8 बजे तक वापस करने का दावा भी किया जा रहा था। मामले की जानकारी सामने आने के बाद बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस से शिकायत की है।
पहले ‘Hello’… फिर अचानक ₹28 हजार की मांग
बताया जा रहा है कि हैकर बातचीत की शुरुआत बेहद सामान्य तरीके से करता था। पहले “Hello” और फिर “एक हेल्प चाहिए थी” जैसे मैसेज भेजे जाते थे।
जैसे ही सामने वाला जवाब देता, हैकर अचानक पैसों की जरूरत बताते हुए 28 हजार रुपये भेजने की मांग करता। इसके बाद QR कोड या UPI के जरिए रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा जाता था।
लोगों को भरोसा दिलाने के लिए यह भी कहा जा रहा था कि रकम रात 8 बजे तक वापस कर दी जाएगी।
QR कोड भेजकर भुगतान कराने की कोशिश
हैकर कई लोगों को सीधे UPI के जरिए भुगतान करने के लिए कह रहा था, जबकि कुछ लोगों को QR कोड भेजकर रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा गया।
जब बृहस्पति सिंह के परिचितों को लगातार ऐसे मैसेज मिलने लगे, तो कुछ लोगों ने उनसे सीधे संपर्क किया। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पूर्व विधायक ने लोगों को किया अलर्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद बृहस्पति सिंह ने लोगों से अपील की कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए कोई भुगतान न करें।
उन्होंने बताया कि उनका WhatsApp अकाउंट हैक हो गया है और हैकर उसका गलत इस्तेमाल कर लोगों से पैसे मांग रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से WhatsApp अकाउंट हैक किए जाने और पैसों की मांग करने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से पैसे मांगने वाला मैसेज आए, तो पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर सीधे पुष्टि करें।
किसी भी संदिग्ध मैसेज या भुगतान की मांग की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस थाने को देने की सलाह दी गई है।
पहले भी नेताओं के WhatsApp हुए हैंक
बताया गया है कि इससे पहले गरियाबंद जिले में भाजपा के कई नेताओं के WhatsApp अकाउंट भी हैक किए जा चुके हैं। ऐसे मामलों के सामने आने के बाद साइबर ठगों द्वारा सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप के जरिए लोगों को निशाना बनाने को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और अब नजर इस बात पर है कि पूर्व विधायक के WhatsApp अकाउंट तक हैकर कैसे पहुंचा और इस फर्जीवाड़े के पीछे कौन है।
