रायगढ़ जिले में ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना तमनार पुलिस की इस कार्रवाई में चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस और नकदी बरामद की गई है। मामले में गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई।
100 लीटर डीजल चोरी होने के बाद खुला मामला
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ट्रेलर जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2, सलिहाभांठा के पास खड़ा था। रात में टैंक में करीब 100 लीटर डीजल था, लेकिन सुबह डीजल टैंक का ढक्कन टूटा मिला और पूरा डीजल गायब था।
शिकायत के आधार पर थाना तमनार में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा आरोपी
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिली कि ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान के पास चोरी का डीजल रखा हुआ है। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता, कमलेश कुमार उरांव और कमल सिदार के साथ मिलकर ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसने यह भी बताया कि चोरी का डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को मात्र 4,000 रुपये में बेच दिया था और रकम आपस में बांट ली गई थी।
बोलेरो, डीजल और चोरी के औजार जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई बोलेरो (CG 13 BM 1854), 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल और पेचकस जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार किया गया। उसने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए बिक्री की रकम में से बचे 500 रुपये पुलिस को सौंप दिए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
चोरी का डीजल खरीदने वाला भी गिरफ्तार
जांच के दौरान चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर चोरी का डीजल 4,000 रुपये में खरीदा था। इसके आधार पर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
रात में ऐसे देता था वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य देर रात बोलेरो वाहन में प्लास्टिक ड्रम, पाइप, लोहे का सब्बल और अन्य औजार लेकर निकलते थे। वे सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों और ट्रेलरों के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर डीजल चोरी कर लेते थे। यदि मौके पर चालक मौजूद रहता, तो उसे धमकाकर भगा देते और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों किशोर कुमार चौहान (37), कमलेश कुमार उरांव (23) और दुर्गाचरण पटेल (42) को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, गिरोह के अन्य फरार आरोपियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव, एएसआई गौतम सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक विपिन पटेल तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, रंजीत भगत और पुरुषोत्तम सिदार की सराहनीय भूमिका रही।
