सेल्फी बनी जानलेवा! गंगा में डूबीं चार सहेलियां, तीन को बचाया गया, एक अब भी लापता

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में गंगा नदी में सेल्फी लेने का शौक एक बड़ा हादसा बन गया। बिठूर के गुदारा घाट पर नहाने गई चार सहेलियां तेज बहाव की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद नाविक और स्थानीय दुकानदार ने बहादुरी दिखाते हुए तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक युवती गंगा में लापता हो गई। देर शाम तक गोताखोरों की तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर अनुष्का शर्मा (17), रिया कश्यप (18), रिया कुशवाहा (17) और मुस्कान (18) बिठूर के गुदारा घाट पहुंची थीं। चारों कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में रहती थीं।

चेतावनी के बावजूद नदी में चली गईं आगे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाट पर मौजूद दुकानदार और नाविक ने युवतियों को पहले ही आगाह किया था कि गंगा में तेज बहाव है और किनारे पर ही स्नान करें। इसके बावजूद चारों नदी के भीतर काफी आगे तक चली गईं और वहीं सेल्फी लेने लगीं।

इसी दौरान तेज बहाव के कारण चारों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगीं।

नाविक ने बचाईं तीन जानें, मुस्कान अब भी लापता

हादसा होते ही नाविक और स्थानीय दुकानदार तुरंत गंगा में कूद पड़े। उन्होंने तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मुस्कान तेज बहाव में बह गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम को तलाश अभियान में लगाया। कई स्थानों पर जाल भी डाले गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मुस्कान का पता नहीं चल सका।

पुलिस ने घटना की सूचना युवती के परिजनों को दे दी है और उन्हें मौके पर बुलाया गया। बताया जा रहा है कि मुस्कान एक निजी नर्सिंग होम में कार्यरत थी।

तलाश अभियान जारी

कार्यवाहक बिठूर प्रभारी के अनुसार, लापता युवती की तलाश के लिए एक दर्जन से अधिक गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। वहीं, इस हादसे के बाद बचाई गई तीनों युवतियां गहरे सदमे में हैं।

इसी दिन गंगा में मिला एक अज्ञात शव

उधर, कानपुर के जाजमऊ सिद्धनाथ घाट के पास गुरुवार सुबह गंगा नदी में करीब 32 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी मिला। पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पहचान के लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया की मदद ली जा रही है। दोनों घटनाओं की जांच अलग-अलग की जा रही है।