बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खोलझर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत तब हुई जब कक्षा 10वीं की छात्रा तिजिया यादव को अचानक चक्कर आया और वह कक्षा में ही गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसकी सांसें तेज चलने लगीं और वह छटपटाने लगी। शिक्षकों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना देकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई।
कुछ ही देर में चार और छात्राएं हुईं प्रभावित
तिजिया यादव के बाद युहाना कोमरे, लिलिमा चंद्रवंशी, भूमिका और कक्षा 9वीं की छात्रा नितेश्वरी ने भी चक्कर आने, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की। देखते ही देखते सभी छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिससे पूरे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
एक छात्रा जिला अस्पताल रेफर
हालात को देखते हुए तिजिया यादव, युहाना कोमरे और लिलिमा चंद्रवंशी को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जांच के दौरान युहाना चंद्रवंशी की स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया।
वहीं, दो छात्राओं की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें उपचार के उपरांत घर भेज दिया गया। भूमिका और नितेश्वरी का इलाज घर पर ही कराया गया।
घटना के कारणों की जांच जारी
एक साथ कई छात्राओं के अचानक बेहोश होने की घटना के बाद स्कूल और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। फिलहाल छात्राओं के बेहोश होने के कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सकीय जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
