अंबिकापुर: संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत का ऐलान किया है। अंबिकापुर स्थित संकल्प भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक अखिलेश सोनी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संत रविदास के विचारों को घर-घर तक पहुंचाकर सामाजिक समरसता, समानता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करना है।
‘समाज को जोड़ना ही भाजपा का उद्देश्य’
अखिलेश सोनी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन भी है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन और उनके विचार समाज से भेदभाव मिटाकर समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं। आज के समय में उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है।
देशभर में निकलेगी कलश यात्रा, होगा जनसंपर्क अभियान
उन्होंने बताया कि 650वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश में कलश यात्रा, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता छात्रावासों, गांवों और शहरों में जाकर लोगों को संत रविदास के जीवन, दर्शन और सामाजिक संदेश से जोड़ेंगे।
छत्तीसगढ़ के सभी संगठन जिलों में पहुंचेगी टीम
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा की टीम राज्य के सभी 36 संगठन जिलों का दौरा करेगी। इस दौरान सामाजिक एकता, संवेदनशीलता और समावेशिता का संदेश देने के साथ लोगों से सामाजिक समरसता का संकल्प भी दिलाया जाएगा।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश सोनी ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल समाज को जाति और भेदभाव के आधार पर बांटने की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक चलेगा अभियान
अखिलेश सोनी ने बताया कि यह विशेष अभियान अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक लगातार चलेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर संत गुरु रविदास के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, प्रदेश प्रवक्ता संतोष दास, जिला महामंत्री विनोद हर्ष, अरुणा सिंह, विद्यानंद मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी रूपेश दुबे, जन्मेजय मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
