सूरजपुर में बारिश बनी आफत! नदी ने निगला पुल, कई गांवों का टूटा संपर्क… रास्ते में फंसी बसें

सूरजपुर। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। रामानुजनगर क्षेत्र के मोहनपुर स्थित झींक नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। इसके चलते आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है और कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।

पुल पर पानी चढ़ने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को पुल पार नहीं करने की सलाह दी है। वहीं, रामानुजनगर मार्ग पर जलभराव होने से कई बसों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के कारण श्यामपुर, उमेश्वरपुर समेत कई गांवों का रामानुजनगर मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है। आवश्यक कामों के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

हालांकि, इस बारिश से किसानों को राहत मिली है। खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है। लेकिन दूसरी ओर जलभराव, उफनती नदियों और बाधित यातायात ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।