धमतरी।
धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय (आईपीएस) ने पदभार संभालने के बाद पहली परिचयात्मक बैठक में ही पुलिस महकमे को कड़ा संदेश दे दिया। जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर उन्होंने कानून-व्यवस्था, अनुशासन, जनोन्मुखी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस की कार्यशैली अनुशासित, पारदर्शी, संवेदनशील और जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह होनी चाहिए।
बैठक में एसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों में अनुशासन बनाए रखने, साफ-सुथरी वर्दी, बेहतर टर्नआउट और समयबद्ध ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत करने और लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
नशे, चाकूबाजी और अवैध कारोबार पर चलेगा विशेष अभियान
एसपी भावना पांडेय ने जिले में Visible और Basic Policing को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए सदर बाजार समेत प्रमुख बाजारों में नियमित पैदल गश्त के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और धार्मिक स्थलों पर पुलिस की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य अवैध कारोबारों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही चाकूबाजी की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से चाकू मंगाने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
होटल-ढाबों की होगी सख्त निगरानी
बैठक में होटल और ढाबों की नियमित जांच करने, वहां अवैध शराब की बिक्री या परोसने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सराफा लाइन, बैंक, एटीएम और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में रात के समय विशेष पेट्रोलिंग और नियमित चेकिंग करने पर भी जोर दिया गया।
फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। एफआईआर योग्य मामलों में किसी भी प्रकार की देरी न करते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया जाए। साथ ही सीसीटीएनएस और अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर सभी प्रविष्टियां समय पर अपडेट करने तथा तकनीकी संसाधनों, विशेषकर NATGRID, का अधिकतम उपयोग कर अनुसंधान और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा थाना परिसरों की स्वच्छता, शासकीय वाहनों के रखरखाव, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और लंबित समंस एवं वारंटों के समयबद्ध निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी भावना पांडेय के सख्त निर्देशों के बाद अब जिले में पुलिसिंग के तौर-तरीकों में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
