दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से स्कूल वैन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां चलती स्कूल वैन का पिछला गेट खुला होने के कारण एक मासूम बच्चा अचानक सड़क पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि उस समय वैन के पीछे कोई भारी वाहन नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।
बच्चे को उतारने के बाद बंद नहीं किया गेट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना 8 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। खुर्सीपार स्थित फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को घर छोड़ने निकली थी। नंदिनी रोड पर एक बच्चे को उतारने के बाद ड्राइवर ने जल्दबाजी में वैन का पिछला गेट ठीक से बंद नहीं किया और वाहन आगे बढ़ा दिया। कुछ ही दूरी पर पीछे बैठा एक मासूम संतुलन खो बैठा और खुले गेट से सीधे सड़क पर जा गिरा।
300 मीटर तक चलता रहा ड्राइवर, लोगों ने पीछा कर रुकवाई वैन
बच्चे के सड़क पर गिरते ही आसपास मौजूद दुकानदारों ने वैन चालक को आवाज लगाई, लेकिन वह करीब 300 मीटर आगे निकल चुका था। इसके बाद पीछे चल रहे बाइक सवारों ने वैन का पीछा कर उसे रुकवाया। मौके पर मौजूद एक महिला ने घायल बच्चे को संभाला और उसे दोबारा स्कूल वैन में बैठाया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, घटना के समय स्कूल वैन में चालक के अलावा कोई कंडक्टर या सहायक मौजूद नहीं था, जबकि छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए सहायक कर्मचारी की मौजूदगी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों के परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
SEO Title: भिलाई में चलती स्कूल वैन से गिरा मासूम, खुला रह गया गेट, CCTV में कैद हुई बड़ी लापरवाही।
