बालोद।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से पति, पत्नी और सौतन के रिश्ते से जुड़ी एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पति का प्यार बंटने से नाराज पहली पत्नी ने अपनी सौतन की गन्ना काटने वाली आरी से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना बालोद थाना क्षेत्र के नेवारीकला गांव की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 47 वर्षीय दयाबाई सोनकर के रूप में हुई है। उसका पति चिम्मनलाल साहू (40) मजदूरी करता है। चिम्मनलाल की पहली पत्नी अमृत बाई साहू से उसके दो बेटे हैं। करीब पांच साल पहले चिम्मनलाल ने दयाबाई सोनकर से प्रेम संबंध के बाद विवाह कर लिया था। दयाबाई के भी दो बेटे हैं। दूसरी शादी के बाद से ही पहली पत्नी इस रिश्ते से नाराज रहती थी और उसे लगता था कि उसका पति दयाबाई को उससे अधिक महत्व देता है।
बताया जा रहा है कि सोमवार (29 जून) की रात करीब 11 बजे जब घर के सभी लोग सो गए, तब अमृत बाई ने मौका देखकर दयाबाई पर हमला कर दिया। पहले उसने गर्दन पर वार किया और फिर गन्ना काटने वाली आरी से उसका गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से निकल गई, कपड़े बदले और फिर वापस लौट आई, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
मंगलवार तड़के करीब चार बजे जब परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो दयाबाई का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान परिवार के लोगों से पूछताछ और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक पहली पत्नी अमृत बाई पर गया। सख्ती से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
