‘चीफ सेक्रेटरी से सीधी पहचान’ कहकर बिछाया जाल, नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी का खुलासा, महिला गिरफ्तार

 

बालोद। सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगारों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का बालोद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव का करीबी बताकर लोगों का भरोसा जीतने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अब तक 7 लोगों को नौकरी का झांसा देकर 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान लता धीवर (36 वर्ष), पति आकाश धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक 05, के रूप में हुई है। महिला खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव का परिचित बताकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देती थी। उसने कुछ लोगों को कृषि विभाग तो कुछ को जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने का वादा किया था।

हाल ही में तीन पीड़ितों से नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये लेने के बाद भी जब उन्हें नियुक्ति नहीं मिली, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ितों ने बालोद पुलिस से शिकायत की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी महिला केवल तीन नहीं, बल्कि अब तक कुल 7 लोगों को अपना शिकार बना चुकी है और उनसे कुल 25 लाख 50 हजार रुपये वसूल चुकी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी से मिली रकम महिला ने अपने पास रखने के बजाय अपने एक साथी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में ट्रांसफर की थी।

पीड़ितों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उस बैंक खाते की जांच कर रही है, जिसमें ठगी की रकम भेजी गई थी। साथ ही महिला के फरार सहयोगी की भी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।