रात में मवेशी खोजने निकला युवक, जंगल में सामने आ गया मौत का पहरेदार… फिर जो हुआ उसने गांव को दहला दिया

 

कोरबा। कटघोरा वन मंडल में हाथियों का बढ़ता आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रविवार रात अपने मवेशियों की तलाश में जंगल गए एक ग्रामीण का सामना अचानक दंतैल हाथी से हो गया। कुछ ही पलों में हाथी ने उस पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

जानकारी के मुताबिक कटघोरा वन मंडल के जटगा रेंज में इन दिनों 10 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। ग्राम धवलपुर के बंधवापारा निवासी संतोष कुमार गोड़ (40 वर्ष), पिता शिवमंगल गोड़, रविवार रात करीब 9 बजे अपने मवेशियों की तलाश में गांव से लगे जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान कक्ष क्रमांक पी-270 बासीन परिसर में पहले से मौजूद हाथियों के झुंड में शामिल एक दंतैल हाथी से उनका सामना हो गया।

बताया जा रहा है कि हाथी ने संतोष को देखते ही उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा वन मंडलाधिकारी कुमार निशांत के निर्देश पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया, जिसके बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए।

इस घटना के बाद वनांचल क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार हो रहे हाथी हमलों से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि हाथियों की मौजूदगी के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से आए दिन जान-माल का नुकसान हो रहा है।