सुबह की सैर पर निकली महिलाएं थीं निशाने पर! चेन झपटकर भागने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का बड़ा खुलासा

बिलासपुर। शहर में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटकर दहशत फैलाने वाले अंतर्राज्यीय चेन स्नेचिंग गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कई दिनों से पुलिस के लिए सिरदर्द बने इस गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि गिरोह का नेटवर्क ओडिशा से संचालित हो रहा था और आरोपी सुनियोजित तरीके से महिलाओं को अपना निशाना बना रहे थे।

पुलिस के मुताबिक 15 जून को तोरवा थाना क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी में महिला संजू कुमारी के गले से सोने की चेन झपट ली गई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद सिरगिट्टी क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर चेन लूटने की घटना सामने आई। लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी।

मामले की जांच में एसीसीयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम जुटी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल के दौरान एक बिना नंबर की नीली स्कूटी संदिग्ध नजर आई। इसी सुराग के आधार पर पुलिस सिरगिट्टी के गणेश नगर पहुंची और स्थानीय आरोपी नवीन साहू को हिरासत में लिया।

पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस को सीधे अंतर्राज्यीय गिरोह तक पहुंचा दिया। नवीन साहू ने बताया कि वह ओडिशा से आने वाले अपराधियों को अपने घर में ठहराता था और वारदातों को अंजाम देने में उनकी मदद करता था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले शहर में रेकी करते थे। वे खासतौर पर सुबह के समय अकेली महिलाओं पर नजर रखते और मौका मिलते ही चेन झपटकर फरार हो जाते थे। गिरोह की पूरी गतिविधि बेहद सुनियोजित तरीके से संचालित की जा रही थी।

पुलिस ने इस मामले में शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा, बसंता खड़िया और नवीन साहू को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच आरोपी ओडिशा के निवासी हैं, जबकि नवीन साहू बिलासपुर का रहने वाला है। हालांकि गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सभी आरोपियों के खिलाफ लूट, आपराधिक षड्यंत्र और संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह से जुड़े और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।