खैरागढ़। जिले में जुआ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंडई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गांव के गौठान के पास बरगद के पेड़ के नीचे लंबे समय से दांव का खेल चल रहा था, लेकिन इस बार पुलिस ने ऐसी दबिश दी कि जुआरियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिरनपुरखुर्द में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के साथ रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान तीन लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेन्द्र गंधर्व (30), भागवत निषाद (22) और अनिल निषाद (24) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम बिरनपुरखुर्द के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 640 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
