अम्बिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अम्बिकापुर स्थित संकल्प भवन में प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश सिंह चंदेल ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अम्बिकेश केशरी, महामंत्री विनोद हर्ष, अरुणा सिंह तथा जिला मीडिया प्रभारी रुपेश दुबे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जबकि आयुष्मान भारत योजना ने देश के करोड़ों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने का काम किया है।
किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से किसानों को लाभ मिला है।
महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर उन्होंने कहा कि लखपति दीदी, सुकन्या समृद्धि योजना, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं ने महिलाओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका इसकी बड़ी मिसाल है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व में एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।
सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ, नया संसद भवन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, जनजातीय गौरव दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे प्रयासों ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की सुरक्षा व्यवस्था अधिक मजबूत हुई है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, आधुनिक सैन्य संसाधनों के विस्तार और आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति के चलते भारत की सुरक्षा क्षमता में वृद्धि हुई है।
छत्तीसगढ़ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश को भी मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क, रेलवे, हवाई सेवाओं और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास में केंद्र सरकार लगातार सहयोग कर रही है, जिससे प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अपने संबोधन के अंत में अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक का यह दौर भारत के नव निर्माण का काल रहा है। विकसित भारत का जो सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देखा है, उसकी मजबूत नींव इन 12 वर्षों में रखी जा चुकी है और आने वाले समय में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और मजबूती से अपनी पहचान स्थापित करेगा।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस अवसर पर रविशंकर जायसवाल, जतीन परमार सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
