मौत या मर्डर? सड़क किनारे मिला इलेक्ट्रिशियन का शव, शरीर पर चोट के निशान देख दहशत में ग्रामीण

बिलासपुर। जिले के तखतपुर क्षेत्र से एक रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है। बिजली का काम करने आए एक युवक का शव रविवार सुबह सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर मिले चोट के निशानों ने मामले को और भी उलझा दिया है। ग्रामीण इसे हत्या का मामला मान रहे हैं, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में करंट लगने से मौत की आशंका जता रही है।

घटना हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सकर्रा की है। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक बाहर से क्षेत्र में बिजली संबंधी कार्य करने आया था। रविवार सुबह उसका शव खजुरी मेन रोड स्थित वर्मा प्लॉट के पास पड़ा मिला। राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि युवक की मौत करंट लगने से हुई हो सकती है। हालांकि शरीर पर मिले चोट के निशानों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक मौत के वास्तविक कारणों पर से पर्दा नहीं उठ सकेगा।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो यह बताएगी कि युवक की मौत हादसा थी, करंट का शिकार हुआ था या फिर इसके पीछे कोई और खौफनाक सच्चाई छिपी है।