डीलिस्टिंग पर छिड़ी सियासी जंग! अमरजीत भगत के बयान पर CM साय का तीखा पलटवार, बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम

रायपुर। धर्मांतरित लोगों के आरक्षण और डीलिस्टिंग के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह भगत के बयान के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष इस विषय पर भ्रम फैलाने का काम कर रहा है और उसे पहले सही जानकारी हासिल करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डीलिस्टिंग को लेकर कांग्रेस के नेताओं द्वारा आधी-अधूरी बातें कही जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पूरी जानकारी के राजनीतिक बयान देना जनता को गुमराह करने जैसा है।

दरअसल, धर्मांतरित लोगों को मिलने वाले आरक्षण और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं को लेकर हाल के दिनों में राजनीतिक बहस तेज हुई है। इसी क्रम में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने बयान जारी कर इस मुद्दे को फिर से उठाया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया सामने आई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस को तथ्यों और वास्तविक स्थिति को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे संवेदनशील विषयों पर भ्रम फैलाना उचित नहीं है।

जशपुर को रेल सुविधा मिलने की उम्मीद

डीलिस्टिंग विवाद के बीच मुख्यमंत्री ने अपने बिलासपुर और जशपुर दौरे को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जशपुर उनका गृह जिला है और आज तक रेल सुविधा से वंचित रहा है। इस विषय को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भी उठाया था।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में अब तेजी से काम हो रहा है और जल्द ही इस परियोजना को स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रेल सुविधा मिलने से जिले के व्यापार, पर्यटन और लोगों के आवागमन को बड़ा लाभ मिलेगा।

राहुल गांधी के दौरे पर भी दिया जवाब

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। वे आएं या जाएं, यह उनका विषय है।

डीलिस्टिंग के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ती बयानबाजी से साफ है कि आने वाले दिनों में यह विषय प्रदेश की राजनीति में और अधिक चर्चा का केंद्र बन सकता है। वहीं जशपुर को रेल सुविधा मिलने की संभावना ने क्षेत्र के लोगों की उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं।