CCPL सीजन-3 फाइनल आज: बिलासपुर बुल्स vs रायगढ़ लायंस, 15 लाख की ट्रॉफी पर होगी महाजंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 अब अपने सबसे रोमांचक और निर्णायक पड़ाव पर पहुंच चुका है। आज शाम नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जहां बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। विजेता टीम को 15 लाख रुपये की इनामी राशि और चमचमाती ट्रॉफी मिलेगी।

लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर बुल्स ने पांचों मुकाबले जीतकर अपराजित रहते हुए 10 अंकों के साथ टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया था। सेमीफाइनल में टीम ने बस्तर बायसंस को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पूरे टूर्नामेंट में संतुलित बल्लेबाजी और मजबूत गेंदबाजी के दम पर टीम को खिताब का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

वहीं रायगढ़ लायंस ने लीग चरण में पांच में से तीन मुकाबले जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाई और फिर नॉकआउट में जबरदस्त प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में रायगढ़ ने गत चैंपियन रायपुर राइनोज को मात्र 116 रन पर समेटते हुए नौ विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। इस मुकाबले में तेज गेंदबाज आयुष सिंह ठाकुर का प्रदर्शन निर्णायक रहा, जिसने टीम का आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा दिया है।

इतिहास और रोमांच से भरा टूर्नामेंट

CCPL का इतिहास भी बेहद दिलचस्प रहा है। वर्ष 2024 के पहले सीजन में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को हराकर खिताब जीता था। जबकि पिछले सीजन में बारिश के कारण फाइनल नहीं हो सका और दो टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। ऐसे में इस बार लीग को नया चैंपियन मिलने जा रहा है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

सांस्कृतिक रंग में रंगेगा फाइनल

फाइनल मुकाबले से पहले दर्शकों के मनोरंजन के लिए विशेष कार्यक्रम भी रखा गया है। शाम 6:30 बजे से दायरा जादू बस्तर बैंड की प्रस्तुति होगी, जो बस्तर की लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत को आधुनिक अंदाज में पेश करेगा। इससे स्टेडियम का माहौल और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

करोड़ों की इनामी राशि पर निगाहें

विजेता टीम को 15 लाख रुपये और उपविजेता को 11 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। ऐसे में दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे दमखम के साथ मैदान पर उतरेंगे और हर रन व विकेट निर्णायक साबित हो सकता है।

अब सबकी नजरें फाइनल टक्कर पर

एक ओर अपराजित बिलासपुर बुल्स है, तो दूसरी ओर सेमीफाइनल में दिग्गज टीम को हराकर आत्मविश्वास से भरी रायगढ़ लायंस। ऐसे में उम्मीद है कि दर्शकों को एक बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला मुकाबला देखने को मिलेगा।

अब फैसला आज शाम मैदान पर होगा कि ट्रॉफी किसके हाथों में जाएगी—बिलासपुर बुल्स इतिहास रचेगी या रायगढ़ लायंस नया चैंपियन बनकर उभरेगी।