रायपुर। राजधानी रायपुर के रायपुरा स्थित विप्र नगर में रविवार को विकास और सामाजिक सरोकार का अनूठा संगम देखने को मिला। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तैयार दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत की पहल पर निर्मित महतारी सदन और महिला योग भवन व जुंबा सेंटर का भव्य लोकार्पण सांसद बृजमोहन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं के उत्साह और नारों के बीच पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में नजर आया।
बच्चों के लिए आधुनिक महतारी सदन
करीब 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन में आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए आधुनिक प्ले स्कूल और डे-केयर सेंटर की सुविधा विकसित की गई है। यहां बच्चों को निःशुल्क अथवा अत्यंत रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण बच्चों को बेहतर शिक्षा से वंचित न होने देना है।
महिलाओं के लिए आधुनिक फिटनेस हब
40 लाख रुपये की लागत से तैयार महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर को प्रदेश का पहला सर्वसुविधायुक्त शासकीय फिटनेस हब बताया जा रहा है। यहां महिलाओं को योग, फिटनेस और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र की महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ स्वास्थ्य मंच मिलेगा।
सामाजिक सहभागिता मॉडल पर होगा संचालन
परियोजना के संचालन और रखरखाव के लिए सामाजिक सहभागिता मॉडल अपनाया गया है। टाटीबंध स्थित महतारी सदन की तर्ज पर विप्र नगर परिसर के प्ले स्कूल और योग भवन के संचालन की जिम्मेदारी प्रतिष्ठित संस्था महाराष्ट्र मंडल को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
बृजमोहन अग्रवाल ने बताया विकास का नया मॉडल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना नगरीय विकास और सामाजिक संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एक श्रमिक परिवार के बच्चे को विश्वस्तरीय शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना और महिलाओं को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं देना सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है।
राजेश मूणत बोले- विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि महतारी सदन वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर अवसर देगा, जबकि महिला योग भवन मातृशक्ति के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
महिलाओं और बच्चों के लिए वरदान साबित होगा परिसर
नगर निगम सभापति मीनल चौबे ने कहा कि विप्र नगर में स्थापित यह आधुनिक परिसर महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम इसके सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस नई सौगात के साथ रायपुर पश्चिम में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम जुड़ गया है, जिससे आने वाले समय में हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
