बलौदाबाजार। जिले की शराब दुकानों में कथित गड़बड़ियों को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने आबकारी विभाग और शराब कारोबार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम संडी में मंगलवार देर रात ग्रामीणों की सतर्कता से एक संदिग्ध गतिविधि का खुलासा हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने शराब दुकान के पास दो युवकों को झोले में शराब ले जाते हुए पकड़ा। संदेह होने पर जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वे शराब दुकान के सेल्समैन सूरज टंडन के घर से शराब लेकर आ रहे हैं और उसे दुकान में रखा जाना था। युवकों के इस खुलासे के बाद ग्रामीण सीधे सेल्समैन के घर पहुंच गए।
ग्रामीणों का दावा है कि घर पहुंचने पर वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। घर और उसके आसपास बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर, ढक्कन तथा शराब तैयार करने में उपयोग होने वाला संदिग्ध सामान बिखरा पड़ा मिला। यह देखकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मौके पर मिले सामान को देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कहीं लंबे समय से नकली या मिलावटी शराब तैयार कर उसे असली ब्रांड के नाम पर ग्राहकों तक तो नहीं पहुंचाया जा रहा था। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और मामले की जांच की मांग करने लगे।
इस पूरे घटनाक्रम ने आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ग्रामीणों की आशंका सही साबित होती है तो यह मामला सिर्फ अवैध शराब निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे शराब उपभोक्ताओं की सेहत और सरकारी राजस्व दोनों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
फिलहाल मामले को लेकर जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या खुलासा होता है और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
