ऊपर सब्जी… नीचे करोड़ों का खेल! कैरेट हटाते ही पुलिस के उड़ गए होश, गाड़ी से निकला 65 लाख का गांजा

 से यूपी भेजी जा रही थी बड़ी खेप, देवभोग पुलिस की हफ्तेभर में तीसरी बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने एक बार फिर गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के नशे के खेल का पर्दाफाश किया है। देवभोग पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध गाड़ी से 130 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई जा रही है। तस्करों ने गांजे को बड़ी चालाकी से सब्जियों के कैरेट के नीचे छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो।

मामला देवभोग थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से एक वाहन भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने खुटगांव चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। पहली नजर में गाड़ी में सिर्फ सब्जियों के कैरेट दिखाई दे रहे थे, लेकिन पुलिस को शक हुआ। जब कैरेट हटाकर नीचे देखा गया तो वहां गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। यह देखते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

पुलिस ने मौके से आरोपी राहुल पांडेय को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश भेजी जा रही थी। अब पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सप्लायर कौन है और यूपी में माल किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

गौरतलब है कि सप्ताहभर के भीतर देवभोग पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी पुलिस ने ओडिशा सीमा पर कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के तस्करों से एक करोड़ रुपए से अधिक का गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से गांजा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।