अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ माइनिंग विभाग ने ऐसा शिकंजा कसा है कि रेत और गिट्टी माफियाओं में हड़कंप मच गया है। लगातार दूसरे दिन विभागीय टीम ने अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ दबिश देकर कई वाहनों को जब्त किया है। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के मुताबिक माइनिंग विभाग की टीम ने बीते दिन अवैध रेत भंडारण के पांच मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन रेत से भरे ट्रैक्टर जब्त किए थे। इसके अलावा अवैध गिट्टी परिवहन करते हुए पकड़े गए तीन हाईवा वाहनों पर भी विभाग ने सख्त कार्रवाई की।

वहीं आज सुबह फिर विभाग की टीम अचानक एक्शन मोड में नजर आई। अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर पांच रेत लोड ट्रैक्टर और एक ईंट से भरे ट्रैक्टर को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक मौके से भागने की कोशिश करते भी नजर आए।

बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई माइनिंग अधिकारी अनिल साहू के मार्गदर्शन में की गई। विभागीय टीम ने लखनपुर, आमादरहा, सीतापुर और राधापुर समेत कई इलाकों में एक साथ दबिश दी, जिससे अवैध कारोबारियों में खलबली मच गई।

लगातार हो रही इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खनिज कारोबार पर बड़ा असर देखने को मिल रहा है। विभाग का कहना है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

