रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान अचानक ऐसा हंगामा खड़ा हो गया कि मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालान काट रही यातायात पुलिस से तीन युवकों ने न सिर्फ बहस की, बल्कि धक्का-मुक्की तक कर डाली। हालात बिगड़ते देख तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत यातायात पुलिस शहर के प्रमुख मार्गों और रिंग रोड पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार रात करीब 8 बजे टाटीबंध चौक से सिलतरा बाईपास रिंग रोड नंबर-4 पर कार्रवाई की जा रही थी।
इस दौरान यातायात थाना टाटीबंध के प्रभारी निरीक्षक विशाल कुजूर के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक संदीप मिश्रा, आरक्षक संजीत सिंह और डी. उमेश नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ ई-चालान बना रहे थे। तभी रिंग रोड नंबर-4 बायपास मार्ग पर खड़े एक ट्रक का चालान बनाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि उसी स्थान के पास एक एक्टिवा पर तीन युवक बैठे हुए थे। जैसे ही ट्रक का चालान बनना शुरू हुआ, तीनों युवकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि यहां रोज खड़ी गाड़ियों और ब्रेकडाउन वाहनों पर भी चालान किया जाता है।
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक उस समय नशे की हालत में थे और उन्होंने पुलिसकर्मियों से तीखी बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने ई-चालान डिवाइस और मोबाइल छीनने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों को धक्का तक दे दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ती देख यातायात पुलिस ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही आमानाका थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों संदीप सिंह, हरदीप सिंह और प्रिंसपाल सिंह के खिलाफ आमानाका थाना में अपराध क्रमांक 87, दिनांक 13 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 132, 221, 121(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यातायात पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सड़क हादसों की आशंका भी कम हो सके।
