रायपुर। होली के रंगों से पहले राजधानी में सुरक्षा का रंग गहरा कर दिया गया है। देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी त्योहार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 02 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को होली खेली जाएगी, जबकि 03 मार्च को चंद्र ग्रहण के कारण रंग नहीं खेला जाएगा।
त्योहार के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। इस बार होली पर जरा सी भी हुड़दंग भारी पड़ सकती है।
700 से ज्यादा जवान रहेंगे तैनात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूरे शहर में 700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखी जाएगी और ड्रोन के जरिए आसमान से निगरानी की जाएगी।
हुड़दंगियों से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित की गई है, जो किसी भी सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। पुलिस अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
50 चौक-चौराहों पर फिक्स चेकिंग
राजधानी के 50 प्रमुख चौक-चौराहों पर फिक्स चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। सभी डीसीपी और एसीपी थाना प्रभारियों के साथ लगातार पेट्रोलिंग करेंगे।
शहर के हृदय स्थल जयस्तंभ चौक, घड़ी चौक और तेलीबांधा चौक समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग की जाएगी। बाइक स्टंट, शराब पीकर वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार को प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें।
