बिलासपुर। बाइक चोर गिरोह तक पहुंचना पुलिस के लिए लंबे समय से बड़ी चुनौती बना हुआ था। लेकिन अब बिलासपुर रेंज में तैयार ‘सशक्त एप’ ने चोरों की नींद उड़ा दी है। महज 10 दिनों में इस एप की मदद से 49 चोरी की बाइक बरामद कर ली गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा 25 बाइक बिलासपुर जिले से मिली हैं।
ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान सरकंडा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस ने एक नाबालिग को नशे की हालत में बाइक चलाते पकड़ा। जब ‘सशक्त एप’ से वाहन नंबर की जांच की गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ—बाइक चोरी की थी और इसकी रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज थी।
इसके बाद नाबालिग को कोतवाली थाना प्रभारी के सुपुर्द किया गया। पूछताछ में उसने गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारी दी।
जांच में सामने आया कि यही गिरोह सिम्स परिसर से बाइक चोरी की वारदातों में भी शामिल था। पुलिस ने खुलासा किया कि चोरी की एक बाइक बहतराई अटल आवास में रहने वाले व्यक्ति को बेच दी गई थी।
रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध वाहनों की जांच में तेजी लाने और चोरी की बाइकों का पूरा डाटा ‘सशक्त एप’ पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। पेट्रोलिंग टीम और बीट प्रभारी भी गश्त के दौरान संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं।
रात में अड्डेबाजों पर कार्रवाई और ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान भी एप के जरिए लगातार वाहन चेकिंग की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। ‘सशक्त एप’ की एंट्री ने साफ कर दिया है कि अब बाइक चोरों के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा।