मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह, कई धर्मों के जोड़े लेंगे सात फेरे
रायपुर। राजधानी रायपुर का साइंस कॉलेज मैदान आज ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां प्रदेशभर के 6,412 से अधिक नवविवाहित जोड़े विभिन्न धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह सूत्र में बंधेंगे।
मुख्यमंत्री साय इस भव्य आयोजन में नवदंपतियों को आशीर्वाद देंगे और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना करेंगे।
कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का भी होगा आगाज़
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के साथ-साथ मुख्यमंत्री साय आज ‘कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का भी शुभारंभ करेंगे। अभियान के पहले चरण में 6 माह से 52 माह आयु वर्ग के 40 हजार कुपोषित बच्चों को शामिल किया जाएगा।
इस अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से की जाएगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिले शामिल हैं।
विभिन्न धर्मों के जोड़े लेंगे विवाह बंधन
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत—
-
हिंदू रीति से: 6,281 जोड़े
-
मुस्लिम रीति से: 3 जोड़े
-
ईसाई रीति से: 113 जोड़े
-
बौद्ध रीति से: 5 जोड़े
-
बैगा समुदाय से: 10 जोड़े
विवाह सूत्र में बंधेंगे, जो सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता की एक अनूठी मिसाल पेश करेगा।
कई दिग्गज रहेंगे मौजूद
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में—
-
उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा
-
केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू
-
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
-
मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि
विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
एक ओर हजारों जोड़ों का वैवाहिक जीवन शुरू होगा, तो दूसरी ओर कुपोषण के खिलाफ निर्णायक जंग की शुरुआत—आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए सामाजिक और मानवीय दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है।
