‘माओवाद नहीं, अब संस्कृति और विकास की पहचान’ — बस्तर पंडुम पर PM मोदी का बड़ा संदेश

बस्तर की बदली तस्वीर पर बोले प्रधानमंत्री, कहा– शांति और आत्मविश्वास की नई कहानी लिख रहा आदिवासी अंचल

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 से 9 फरवरी के बीच छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘बस्तर पंडुम’ को बस्तर की बदलती पहचान का सशक्त प्रतीक बताया है। उन्होंने इसे बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत का भव्य उत्सव करार देते हुए आयोजन से जुड़े सभी सहभागियों को हार्दिक बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस तरह के आयोजन न सिर्फ हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करते हैं, बल्कि स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।


‘बस्तर’ सुनते ही डर नहीं, अब विकास की तस्वीर उभरती है

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में बस्तर की बदली हुई छवि पर जोर देते हुए कहा कि

“एक समय था जब बस्तर का नाम आते ही माओवाद, हिंसा और पिछड़ेपन की छवि सामने आती थी, लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं।”

उन्होंने कहा कि अब बस्तर शांति, विकास और स्थानीय लोगों के बढ़ते आत्मविश्वास के लिए पहचाना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कामना की कि आने वाले वर्षों में बस्तर प्रगति, सांस्कृतिक गौरव और स्थायी शांति का मॉडल बने।


CM साय बोले— बस्तर गढ़ रहा है अपनी नई पहचान

प्रधानमंत्री के संदेश पर आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर मार्गदर्शन से बस्तर आज सांस्कृतिक गौरव और समावेशी विकास का सशक्त प्रतीक बनकर उभर रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘बस्तर पंडुम’ जैसे आयोजन जनजातीय परंपराओं, लोक-संस्कृति और विरासत को सहेजने के साथ-साथ शांति, विश्वास और समावेशी प्रगति का मजबूत संदेश देते हैं।


सड़क से शिक्षा तक, बदला बस्तर का जनजीवन

सीएम साय ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर के जनजीवन में स्पष्ट और सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

  • सड़क और संचार सुविधाओं का विस्तार

  • शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार

  • आजीविका के नए अवसर

इन सबने बस्तर में भरोसे और सहभागिता का नया माहौल तैयार किया है।

उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ बस्तर को शांति, समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।