कांकेर।कांकेर जिले में सड़कें एक बार फिर मौत का रास्ता बन गईं। मंगलवार को नरहरपुर थाना क्षेत्र के अमोड़ा गांव में हुए एक दिल दहला देने वाले हादसे ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
यह घटना न सिर्फ एक परिवार की खुशियां उजाड़ गई, बल्कि जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर भी खतरनाक सवाल खड़े कर गई है।
चनार मोड़ पर मौत का तांडव
जानकारी के अनुसार, धान से लदा ट्रक नरहरपुर से कांकेर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक से दो युवक नरहरपुर की ओर से मर्दापोटी (कांकेर) जा रहे थे। अमोड़ा क्षेत्र के चनार के पास दोनों युवक सड़क किनारे बाइक खड़ी कर कुछ देर के लिए रुके ही थे कि तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ते ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एक कदम ने बचाई दूसरी जान
हादसे के वक्त बाइक के साथ मौजूद दूसरा युवक ट्रक को अपनी ओर आते देख आखिरी पल में साइड हो गया, जिससे उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर वह एक सेकेंड भी देर करता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
ट्रक लेकर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद ट्रक चालक ने रुकने की ज़रूरत तक नहीं समझी और मौके से फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान दुर्गेश कुमेटी, निवासी आवास पारा, मर्दापोटी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही नरहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर ट्रक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
डराने वाले आंकड़े: सड़कें बनती जा रहीं कब्रगाह
गौरतलब है कि कांकेर जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार डरावना होता जा रहा है।
-
बीते 4 दिनों में 4 लोगों की मौत
-
एक महीने में करीब 25 लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में जा चुकी है
ये आंकड़े प्रशासन और परिवहन विभाग की चिंता को और गहरा कर रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग – भारी वाहनों पर लगे लगाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसों की सबसे बड़ी वजह बन चुकी है। ग्रामीण इलाकों में सख्त यातायात निगरानी, स्पीड ब्रेकर और नियमित जांच की मांग तेज हो गई है।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
