रायपुर में ई-रिक्शा चोरों का काला खेल उजागर! रात के सन्नाटे में उड़ रहीं थीं बैटरियाँ… CCTV ने खोला राज, अंतर्राज्यीय गिरोह धराया

रायपुर।रायपुर में ई-रिक्शा चालकों की नींद उड़ाने वाला बैटरी चोर गिरोह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना डी.डी.नगर और आज़ाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है।

इस सनसनीखेज कार्रवाई में पुलिस ने 02 शातिर अंतर्राज्यीय चोरों और 02 खरीददारों सहित कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से 02 ई-रिक्शा वाहन, 40 नग बैटरियाँ और 02 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹8.55 लाख बताई जा रही है।

 प्रकरण-1: शराब दुकान के बाहर से ई-रिक्शा गायब!

थाना डी.डी.नगर क्षेत्र में 29 जनवरी की शाम करीब 4:30 बजे, बांसटाल खल्लारी चौक निवासी राहुल कोपुलवार ने अपना ई-रिक्शा सरोना स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर खड़ा किया था। कुछ ही देर बाद लौटने पर ई-रिक्शा हवा हो चुका था

शिकायत के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से टीकाराम यादव को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर ई-रिक्शा से बैटरियाँ निकालकर चोरी करता था और उन्हें पुरानी बस्ती निवासी राहुल पाल को बेच देता था।

 इस मामले में पुलिस ने

  • 01 ई-रिक्शा

  • 16 बैटरियाँ

  • 02 दोपहिया वाहन

जप्त किए, जिनकी कीमत करीब ₹4 लाख है।

 प्रकरण-2: घर के सामने खड़ा ई-रिक्शा बना निशाना

दूसरा मामला थाना आज़ाद चौक क्षेत्र का है। 23 जनवरी की रात देव यादव ने अपना ई-रिक्शा घर के सामने खड़ा किया था। सुबह देखा तो डिक्की खुली थी और 04 बैटरियाँ गायब थीं।

जांच में पुलिस ने रमजान खान और अकरम खान को गिरफ्तार किया। दोनों ने चोरी स्वीकार करते हुए बताया कि बैटरियाँ मौदहापारा निवासी कफिल खान को बेची गई थीं। पुलिस ने कफिल खान को भी धर दबोचा, जिसके पास से 20 और बैटरियाँ बरामद की गईं।

 इस प्रकरण में जप्त हुआ

  • 01 ई-रिक्शा

  • 24 बैटरियाँ

जिनकी कीमत करीब ₹4.55 लाख आंकी गई है।

 कुल बरामदगी: ₹8.55 लाख का माल

दोनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने
 02 ई-रिक्शा वाहन
 40 बैटरियाँ
 02 दोपहिया वाहन

बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से शहर में सक्रिय था और रात के अंधेरे में ई-रिक्शा चालकों को निशाना बना रहा था।

 पुलिस का साफ संदेश: अब बचना मुश्किल

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संगठित चोरी और खरीदी-बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में ई-रिक्शा चोरी की हर शिकायत पर बारीकी से जांच की जा रही है।