नवा रायपुर मंत्रालय में मचा प्रशासनिक हलचल का माहौल! शिवराज सिंह चौहान की अफसरों संग बंद कमरे की बैठक…

दुर्ग की किसान चौपाल से सीधे मंत्रालय पहुंचे केंद्रीय मंत्री, कृषि और प्रशासन दोनों पर कसा शिकंजा

रायपुर। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अचानक अफसरों की अहम बैठक लेने पहुंचे। मंत्रालय परिसर में उनकी मौजूदगी को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। माना जा रहा है कि बैठक में कृषि योजनाओं की जमीनी हकीकत और प्रशासनिक अमल पर गहन मंथन हुआ।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुर्ग जिले के खपरी–गिरहोला में आयोजित किसान चौपाल में किसानों से सीधा संवाद किया। चौपाल में बड़ी संख्या में किसान साथी पहुंचे और अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि किसान चौपाल के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने फसल उत्पादन, उन्नत तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों को नवाचार अपनाने, खेती की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ स्वाद और पोषण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री ने साफ संकेत दिए कि आने वाले समय में खेती केवल परंपरागत नहीं, बल्कि तकनीक आधारित और लाभकारी होगी। उनके इस संदेश को लेकर किसानों में नई उम्मीद देखी गई।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेतामगजेन्द्र यादव, विधायकगण, गणमान्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान साथी उपस्थित रहे।