ONLINE FRAUD का पर्दाफाश: वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 24 लाख की ठगी, 3 अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार

ONLINE FRAUD का पर्दाफाश: वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 24 लाख की ठगी, 3 अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार

रायपुर साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महाराष्ट्र–राजस्थान से दबोचे गए आरोपी

रायपुर: ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी पारस कुमार धीवर ने थाना राखी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के जरिए मुनाफा कमाने का झांसा देकर उससे 24 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर थाना राखी में अपराध क्रमांक 224/24, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों से खुली ठगी की परतें

विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम ऐप से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ठगी में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें महाराष्ट्र और राजस्थान भेजी गईं।

अंतर्राज्यीय रेड, 3 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीमों ने सुनियोजित रेड कार्रवाई करते हुए 3 अंतर्राज्यीय ठगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

1️⃣ उत्पल पंचारिया (21 वर्ष)
पिता – महेश पंचारिया
निवासी – मेघवाल बस्ती, पौटा सी रोड, आकाशवाणी के पीछे, जोधपुर (राजस्थान)

2️⃣ रोहित बबन कौलगे (31 वर्ष)
पिता – बबन दागदू कौलगे
निवासी – हरिपुर, दत्त पार्क, हरिपुर, सांगली (महाराष्ट्र)

3️⃣ सुमित श्रीनिवास राठी (41 वर्ष)
पिता – श्रीनिवास राठी
निवासी – आनंदी अपार्टमेंट, चेतना पेट्रोल पंप के पास, जवल, सांगली (महाराष्ट्र)

पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम, निवेश या ज्यादा मुनाफे के लालच में आने से पहले पूरी जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में दें।