उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किसानों को दिलाया भरोसा: एक-एक दाना धान खरीदी होगी

रायपुर: धान खरीदी को लेकर छत्तीसगढ़ में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पात्रता अनुसार एक-एक दाना धान की खरीदी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने शुरू से भ्रम फैलाने का काम किया, लेकिन वास्तविकता यह है कि धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है

उप मुख्यमंत्री ने किसानों से धैर्य रखने का आग्रह किया और भरोसा दिलाया कि उनका धान निश्चित रूप से खरीदा जाएगा

साथ ही, उन्होंने प्रशासन की सख्ती की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न जिलों में कलेक्टर औचक निरीक्षण कर रहे हैं और अनियमितता पाए जाने पर कई राइस मिल्स पर कार्रवाई की गई। मुंगेली के उपलेटा राइस मिल और धमतरी के श्री गजराज एग्रो इंडस्ट्रीज को सील बंद किया गया। डीओ ऑर्डर में मिली अनियमितताओं में गाड़ियों की क्षमता से अधिक परिवहन, अभिलेखों का भौतिक सत्यापन और GPS डेटा में छेड़छाड़ शामिल थी।

जंबूरी 2026 और भ्रष्टाचार के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नियम और प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और शिकायत या कानूनी रास्ता सभी के लिए खुला है। इसके साथ ही उन्होंने अंबिकापुर में केसीसी योजना में गड़बड़ी की शिकायतों पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भाजपा के नेताओं पर कांग्रेस के लगातार निशाने पर होने के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस को अपनी भूमिका की चिंता करनी चाहिए, भाजपा की नहीं

इसके अलावा, उप मुख्यमंत्री ने VB G RAM G को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला और जन जागरण अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के लिए ऐतिहासिक बदलाव लेकर आएगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन की तरफ इशारा करते हुए, अरुण साव ने कहा कि 23 जनवरी को रायपुर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला क्रिकेट मैच यादगार और ऐतिहासिक होगा। वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।