बिलासपुर: सकरी थाना क्षेत्र में 5 जनवरी को हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में उर्मिला मनहर और उनकी नाबालिग बेटी मान्या मनहर की मौत हो गई। मृतक मां-बेटी को 27 खोली निवासी 19 वर्षीय डेनिस मिंज ने अपने केटीएम बाइक (OD 10 AS 7268) से तेज गति और लापरवाही के साथ टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस हादसे को सामान्य दुर्घटना न मानकर गैर इरादतन हत्या (धारा 105 बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त स्पोर्ट्स बाइक भी जब्त कर ली गई।
सवाल खड़ा: इस बीच, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मिनोचा कॉलोनी में भी एक तेज रफ्तार कार से व्यवसायी के बेटे ने मार्निग वॉक पर निकले बिल्डर को टक्कर मार दी। घायल बिल्डर के परिजनों ने पुलिस पर जानबूझकर लेट लतीफी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है, लेकिन स्थानीय लोग और परिजन व्यवसायी परिवार के दबाव में कार्रवाई में ढिलाई को लेकर नाराज हैं। इस घटनाक्रम ने सड़क सुरक्षा और सत्ता एवं प्रभाव के चलते कानून की समान रूप से लागू होने की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
