कोरबा: मानिकपुर पुलिस चौकी इलाके में चार वर्षीय प्रशांत यादव की कुएं में नहाने के दौरान डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा खेल-खेल में हुआ और पूरे गांव को गहरे शोक में डाल दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रशांत अपने कुछ दोस्तों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते सभी बच्चे पास ही स्थित कुएं में नहाने चले गए। इसी दौरान प्रशांत गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अन्य बच्चे डर के मारे दौड़े और मदद के लिए ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कुएं से बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के समय बच्चे के माता-पिता काम पर गए हुए थे।
पुलिस चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशांत की मौत डूबने से हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना ने इलाके में मातम मचा दिया है।
