रायपुर: आरंग क्षेत्र में सुबह-सुबह स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ग्राम उमरिया स्थित वेंकटेश्वर सिग्नेचर स्कूल की बस ने तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना के अनुसार, बस का चालक और उसका साथी शराब के नशे में थे। नशे की हालत में तेज गति से गाड़ी चलाने के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में बस में सवार बच्चे महासमुंद और आरंग क्षेत्र के थे, जिन्हें स्कूल ले जाया जा रहा था।
हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की भारी लापरवाही सामने आई। घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय स्कूल परिसर में रखा गया, जिससे परिजन भड़के और प्रशासनिक कदम उठाने की मांग करने लगे।
पुलिस ने बताया कि चालक और उसके साथी के खिलाफ नशे में वाहन चलाने और लापरवाही के आरोप में कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से स्पष्ट जवाब मांगा गया है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए थे।
