कोरबा में हत्या का खुलासा: स्निफर डॉग बाघा ने कातिल को चंद मिनटों में पकड़ लिया

कोरबा: पत्नी से बातचीत और हंसी-मजाक के विवाद में पड़ोसी की हत्या करने वाला आरोपी जयकंवर अब पुलिस की गिरफ्त में है। वारदात करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी की है, जहाँ सोमवार सुबह नंदकुमार पटेल (39) का खून से सना शव उसके घर से थोड़ी दूरी पर बाड़ी में पड़ा मिला।

बेरहमी से की गई हत्या

मौके पर नंदकुमार के चेहरे और सिर पर गहरे जख्म थे, जिससे साफ था कि उसे कुल्हाड़ी से मारकर हत्या की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।

स्निफर डॉग बाघा ने किया खुलासा

हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया। जांच के दौरान स्निफर डॉग बाघा सीधे जयकंवर के घर पहुंच गया, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्या का कारण

जानकारी के अनुसार नंदकुमार पटेल का आरोपी जयकंवर की पत्नी से बातचीत और हंसी-मजाक करता था। यह बात जयकंवर को नागवार गुजरी। रविवार रात दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और जयकंवर ने नंदकुमार को अपने घर के पास स्थित बाड़ी में ले जाकर उसकी पिटाई की और सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे नंदकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई जारी

कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।