धनबाद में सड़क पर बर्बरता, दलित मां-बेटी पर हमला—नाबालिग बेटी ने किया आत्महत्या

धनबाद:  झारखंड के धनबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। रामकनाली ओपी क्षेत्र में बीच सड़क पर एक दलित महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की गई कि बच्ची सहन नहीं कर पाई और घर जाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका की पहचान सलोनी कुमारी के रूप में हुई है। उसकी मां आरती देवी ने बताया कि उनकी बेटी ने कोई अपराध नहीं किया था, फिर भी रास्ते में आरोपियों ने उसके साथ गालियां दीं, बाल खींचकर सड़क पर घसीटा और मां-बेटी को पीटा।

आरती देवी ने कहा, “हम मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन कोई सामने नहीं आया। पुलिस भी मौके पर नहीं पहुंची।” यह घटना रामकनाली ओपी के ठीक सामने हुई, जहां से गुजरते राहगीरों ने तमाशा देखा लेकिन मदद नहीं की।

घटना के बाद आहत मां ने चार नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि पुराना विवाद इस हिंसा की वजह बना। 1 जनवरी को यह हमला हुआ, जिसके तुरंत बाद सलोनी घर पहुंची और गहरे मानसिक आघात के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

अब आरती देवी न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट रही हैं। इस दर्दनाक घटना ने न केवल एक परिवार को तहस-नहस कर दिया है, बल्कि पूरे समाज को भी सवाल खड़ा कर दिया है कि इंसानियत कहां खो रही है।