भीषण हादसा: ऑल्टो और डीजल टैंकर की टक्कर में मौत का मंजर, घायलों की हालत नाजुक!

कोरबा: कटघोरा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 130 पर शनिवार को एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसने इलाके में खौफ और शोक फैला दिया। सूरजपुर से कटघोरा की ओर जा रही ऑल्टो कार, जिसमें पांच लोग सवार थे, ने ओवरटेक करते हुए सामने से आ रहे डीजल टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार को उपचार के दौरान तौकीर खान ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन का बिलासपुर अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे 130 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल पैदा कर दिया है।