ओवरब्रिज के पास CRPF जवान की दर्दनाक मौत…रात के सन्नाटे में काल बनकर आया अज्ञात वाहन

बिलासपु: शहर में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। लालखदान ओवरब्रिज के पास हुए भीषण सड़क हादसे में CRPF के जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद परिचित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही पलों में घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है। CRPF जवान मनीष आदिले अपने परिचित के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जवान को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर जवान का क्षत-विक्षत शव देखकर राहगीरों की रूह कांप उठी। वहीं घायल परिचित को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

कौन था मृतक जवान

मृतक CRPF जवान की पहचान मनीष आदिले, निवासी जोरहाडबरी, हरदीबाजार के रूप में हुई है। जवान की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अब अज्ञात वाहन और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की भी जांच की जा रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर शहर में बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You missed