CG BREAKING: आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल कोच में अचानक आग, यात्रियों में मचा हड़कंप!

बिलासपुर। पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) में बुधवार रात एक जनरल कोच में अचानक आग लगने की घटना ने यात्रियों में अफरा-तफरी मचा दी। यह घटना भूपदेवपुर–किरोड़ीमल नगर सेक्शन में उस समय हुई, जब ट्रेन अपनी नियमित रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। तीसरे जनरल कोच से उठता घना धुआं देखते ही यात्रियों ने चेन पुलिंग (एसीपी) कर ट्रेन को तुरंत रोका।

घटना के समय ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। यात्रियों ने शांत और सतर्क रहकर कोच से सुरक्षित बाहर निकलना सुनिश्चित किया। किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली।

सबसे पहले घटना की जानकारी ट्रेन में तैनात टीटीई चंचल कुमार ने कंट्रोल रूम को दी। रेलवे अधिकारी और सुरक्षा कर्मी तुरंत अलर्ट हो गए। आग को एग्निशामक यंत्रों की मदद से सीमित दायरे में नियंत्रित किया गया।

प्रारंभिक जांच में पाया गया कि कोच के भीतर रखे कुछ कागजों में आग लगी थी। विद्युत शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की संभावना नहीं पाई गई। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आग किसी यांत्रिक या विद्युत कारण से नहीं लगी। संभवतः किसी यात्री द्वारा फेंकी गई बीड़ी या सिगरेट से यह हादसा हुआ।

घटनास्थल पर स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन रात 8 बजकर 23 मिनट पर रवाना की गई। रायगढ़ स्टेशन पर वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) और विद्युत स्टाफ ने कोच की संयुक्त जांच की। सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ट्रेन रात 9 बजे अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए निगरानी और सख्ती बढ़ाई जाएगी। पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस देश की प्रमुख ट्रेनों में से एक है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। इस घटना में किसी के हताहत न होने से राहत की सांस ली गई।