दुर्ग। भिलाई के चंद्रा–मौर्या अंडरब्रिज के पास बोरे में मिली महिला की लाश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझने की दिशा में बड़ा अपडेट सामने आया है। सुपेला थाना पुलिस ने मृत महिला की शिनाख्त कर ली है, जबकि तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृत महिला सुपेला क्षेत्र की रहने वाली थी। महिला के हाथ पर गोदना से लिखे लखन, सुरेश, महादेव और आरती नामों को पुलिस ने सार्वजनिक किया था। इसी आधार पर महिला का लिव-इन पार्टनर थाने पहुंचा और उसने शव की पहचान की। इसके बाद महिला के मायके पक्ष के परिजनों ने भी पहचान की पुष्टि की।
गौरतलब है कि 12 दिसंबर की सुबह अंडरब्रिज के पास नाली में एक बोरे के अंदर सड़ी-गली अवस्था में महिला की लाश मिली थी। शव की हालत देखकर अंदेशा जताया गया था कि हत्या कई दिन पहले की गई है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला को 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद से उसका किसी से संपर्क नहीं हुआ। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या से जुड़े सबूतों और बयानों को जोड़ते हुए तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है।
इस अंधे कत्ल की जांच के दौरान दुर्ग पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर सहित दर्जनभर जिलों की गुमशुदगी रिपोर्ट, साथ ही स्पा सेंटर्स में काम करने वाली महिलाओं का रिकॉर्ड भी खंगाला। आखिरकार महिला के हाथ में बने गोदना ही उसकी पहचान का सबसे बड़ा सुराग बने।
सुपेला पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं और जल्द ही हत्यारे बेनकाब किए जाएंगे। फिलहाल पूरे इलाके में इस वारदात को लेकर डर और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
