ट्रक ने गाय बचाते हुए बाइक सवार युवक को टक्कर मारी, हालत नाजुक

दंतेवाड़ा: जिले में 15 दिसंबर की रात को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए विशाखापट्टनम रेफर किया गया। ट्रक चालक घटना के बाद फरार हो गया। यह हादसा भांसी थाना क्षेत्र में हुआ।

घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार, ट्रक बचेली से दंतेवाड़ा की ओर जा रहा था। वहीं गमावड़ा का रहने वाला दीपक भास्कर (22) बाइक से दंतेवाड़ा से बचेली की तरफ आ रहा था। गमावड़ा गांव के पास ट्रक चालक ने एक गाय को बचाने के प्रयास में दीपक को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक ट्रक के टायर के नीचे चली गई और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों का प्रदर्शन

हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने बचेली-दंतेवाड़ा सड़क पर चक्का जाम कर दिया। करीब 5 से 6 घंटे तक जाम रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद सड़क खोली गई।

बचाव एवं इलाज

घायल युवक को ग्रामीणों ने तुरंत दंतेवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपी ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।