बीजापुर में 34 नक्सली सरेंडर, सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता

बीजापुर: छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के समक्ष एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। गांव में चल रही सरकार की योजनाओं—पूनरवास नीति और पूना मारगेम—से प्रभावित होकर आज कुल 34 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन नक्सलियों पर कुल 84 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक 824 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है, जबकि 1079 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया और 220 माओवादी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए।

आत्मसमर्पण के अवसर पर सीआरपीएफ डीआईजी बीएस नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में नक्सलियों ने अपनी हथियार डालकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।

बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि सभी आत्मसमर्पित माओवादी फायरिंग, IED ब्लास्ट और आगजनी जैसी घटनाओं में शामिल थे। पुलिस ने आत्मसमर्पण करने वाले प्रत्येक माओवादी को 50-50 हजार रुपये नगद प्रदान किए।