रायपुर से दुर्ग लौट रहे युवकों की सड़क हादसे में मौत, एक एम्स कर्मचारी शामिल

दुर्ग: जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो पड़ोसी युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पुनेश छनापे (23 वर्ष) और विशाल सुरजल (27 वर्ष) शामिल हैं। दोनों रायपुर से अपने कार्यस्थल से घर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गए।

जानकारी के अनुसार, पहला हादसा 28 नवंबर की रात लगभग 9 बजे खुर्सीपार गेट के पास हुआ। शिवाजी नगर निवासी पुनेश छनापे एम्स रायपुर में कार्यरत था। उस दिन काम में देरी होने के कारण उसने ट्रेन की जगह अपनी बाइक से रायपुर जाने का निर्णय लिया। लौटते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पुनेश मौके पर ही मृत हो गया। आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

दूसरा हादसा लगभग उसी समय साईं धाम, कुम्हारी के पास हुआ। विशाल सुरजल अपनी बाइक से रायपुर से खुर्सीपार लौट रहा था कि अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल विशाल को राहगीरों ने अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी वाहन चालकों की तलाश जारी है।