कुरूद में धान खरही में आगजनी, किसानों की मेहनत की कमाई जलकर हुई खाक

कुरूद: जिले के ग्राम बगदेही में शुक्रवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने धान फसल की चार खरही में आग लगा दी, जिससे चार किसानों की मेहनत बर्बाद हो गई। किसानों के अनुसार इस घटना में लगभग 80 क्विंटल धान जलकर खाक हो गया और लाखों रुपए का नुकसान हुआ।

किसान सुधीर साहू, कृष्णा साहू, परदेशी और गिरधर साहू ने कुछ दिन पहले अपने खेतों में धान की कटाई कर मिंजाई के लिए चार अलग-अलग खरही तैयार की थी। उसी दौरान अज्ञात लोगों ने आग लगा दी।

खबर लगते ही स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर से पानी लाया गया, लेकिन खेत दूर होने की वजह से आग समय रहते नहीं बुझाई जा सकी। मौके पर पहुंची पुलिस को किसानों ने बताया कि सुधीर साहू की 75 डिसमिल, गिरधर साहू की 75 डिसमिल, कृष्णा साहू की 70 डिसमिल और परदेशी साहू के 1 एकड़ की फसल जल गई है।

किसानों ने दोषियों पर कार्रवाई और क्षतिपूर्ति की मांग प्रशासन से की है। क्षेत्रीय किसान लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से चिंतित हैं और फसल सुरक्षा के लिए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं।