सरेआम कपड़े उतारने का मामला: महिला का सच आया सामने

सरेआम कपड़े उतारने का मामला: महिला का सच आया सामने
ऑटो में सोने–चांदी से भरा बैग छूटने से मानसिक तनाव में थी महिला, ईमानदार ऑटो चालक ने लौटाया पूरा सामान

कोरबा। शहर के टीपी नगर मुख्य मार्ग पर एक महिला द्वारा सरेआम कपड़े उतारकर हंगामा करने का वीडियो वायरल होने के बाद अब इस मामले की असली वजह सामने आ गई है। महिला ने बताया कि उसके साथ किसी भी तरह का विवाद नहीं हुआ था, बल्कि सोने–चांदी के जेवरात से भरा बैग ऑटो में छूट जाने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी और आवेश में उसने ऐसा कदम उठाया।

ईमानदार ऑटो चालक ने बैग लौटाया
घटना के बाद जिला ऑटो संघ ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित ऑटो चालक की खोजबीन शुरू की। ऑटो चालक को जानकारी होने पर उसने बैग को खोलकर देखा, जिसमें सोने का लॉकेट और चांदी के जेवरात थे। बैग मिलने की जानकारी मिलते ही ऑटो चालक ने ईमानदारी दिखाते हुए बैग को टीपी नगर स्थित जिला ऑटो संघ कार्यालय में जमा किया। बाद में बैग महिला को सुरक्षित लौटा दिया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से फैली गलतफहमी
गुरुवार को महिला का वीडियो वायरल होने के बाद लोग यह मान रहे थे कि महिला और ऑटो चालक के बीच किसी विवाद के कारण यह घटना हुई है। लेकिन महिला ने स्वयं स्पष्ट किया कि किसी से उसका कोई विवाद नहीं हुआ था। असल में वह कीमती सामान खोने के भय और तनाव की वजह से असंतुलित होकर ऐसा व्यवहार कर बैठी।

ऑटो संघ ने मामले को संवेदनशीलता से निपटाते हुए महिला को सुरक्षा और सहायता प्रदान की।