अलाव के पास सो गए बुजुर्ग, जिंदा जलकर मौत

कोरबा। कड़ाके की ठंड के बीच करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बड़मार में अलाव तापते समय आग की चपेट में आने से 72 वर्षीय मंशीदास महंत की मौत हो गई।

परिवार के अनुसार, रात को अलाव जलाकर सभी लोग अपने कमरों में चले गए। मंशीदास महंत अलाव के पास चटाई बिछाकर कंबल ओढ़कर सो गए थे। रात करीब 12 बजे उनकी चीख सुनकर परिजन बाहर आए और देखा कि वे आग की लपटों में घिरे हुए थे।

परिवार ने चादर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बुजुर्ग लगभग 80 प्रतिशत झुलस चुके थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दो दिन तक चले इलाज के बाद उनकी मौत हो गई।